home page

औरैया में आग से दाे साै बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों में आक्रोश

 | 
औरैया में आग से दाे साै बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों में आक्रोश


औरैया, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के ऐरवा कटरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम फैजुल्लापुर और गुलालपुर में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैजुल्लापुर से शुरू होकर तेजी से गुलालपुर के खेतों तक फैल गई। इस भीषण अग्निकांड में लगभग दो सौ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के कारण आग ने तेजी से फैलकर सैकड़ों बीघा खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन लपटों की भयावहता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। घटना की सूचना के बावजूद दमकल विभाग गाड़ियां करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। तब तक अधिकांश फसल जल चुकी थी। दमकल विभाग की देरी से पहुंचने पर किसानों में भारी नाराजगी देखी गई और उन्होंने प्रशासन के प्रति आक्रोश व्यक्त किया।

इस अग्निकांड से प्रभावित किसानों में अवनेश सिंह, उदयप्रताप सिंह, शिशुपाल सिंह, शिवनाथ सिंह, रोहित, कल्लू, कुलदीप, रामप्रकाश, प्रवलप्रताप सिंह, बदन सिंह, रोहित सिंह, अजय, शिवम, रमन देवी, देव सिंह राजावत और शिवकुमार भदौरिया सहित कई अन्य किसान शामिल हैं, जिनकी सालभर की मेहनत कुछ ही घंटों में राख हो गई।

थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित किसानों को शासन की ओर से नियमानुसार सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार