home page

औरैया के अजीतमल में भीषण आग से 50 बीघा फसल जलकर राख

 | 
औरैया के अजीतमल में भीषण आग से 50 बीघा फसल जलकर राख


औरैया, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल तहसील क्षेत्र में रविवार दोपहर अचानक मिश्रपुर, मनसुखपुर और कस्बा जाना में खेतों में अज्ञात कारणों से आग लगा गई। इस आग में करीब 50 बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

बताया जा रहा है कि रविवार करीब 1 बजे दोपहर का समय होने के कारण अधिकांश ग्रामीण खेतों से अपने घरों पर आराम करने चले गए थे। इसी दौरान खेतों से उठते धुएं और आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और तेजी से फैल रही थी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अजीतमल कोतवाल ललितेश त्रिपाठी और मुरादगंज चौकी प्रभारी उपेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ राहत कार्य में जुट गए। हालांकि तेज हवा और खेतों की दूरी के कारण दमकल वाहन को मौके तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नहर की पटरी से दूरी अधिक होने के चलते एक फायर ब्रिगेड वाहन खेत में फंस गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया।

दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर पाइप के जरिए आग तक पानी पहुंचाया। इसी दौरान एक वाहन का पानी खत्म हो गया, जिसके बाद दूसरा वाहन मंगवाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस पूरे अभियान में मिश्रपुर निवासी नीतू, प्रताप सिंह, अमित कुमार, छोटे सिंह तथा मनसुखपुर निवासी रियाजउद्दीन, रईस खान, नौशाद, सिंह और विनय सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

घटना की सूचना पर राजस्व विभाग के लेखापाल योगेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग से फसल नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस घटना से किसानों में भारी मायूसी है और उन्होंने उचित मुआवजे की मांग की है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार