तिलक करने मायके जा रही विवाहिता की ट्रक के नीचे आने से मौत
मथुरा, 11 नवम्बर(हि.स.)। थाना जैत क्षेत्र के अंतर्गत छटीकरा के समीप अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर त्योहार मनाने मायके जा रही 26 वर्षीय विवाहिता की चलती बाइक से सड़क पर गिरने और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस अप्रत्याशित हादसे ने परिवार की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया है।
मृतका मिथलेश पत्नी पुष्पेंद्र निवासी हथकोली, बलदेव अपने पति और दो बच्चों के साथ बुधवार सुबह बाइक से अपने मायके गांव धीमरी (शेरगढ़) जा रही थीं। इसी दौरान छटीकरा के समीप अचानक वह अनियंत्रित होकर चलती बाइक से सड़क पर गिर पड़ीं। जब तक संभलने का मौका मिलता, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे में मृतका के दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे, जबकि उनके पति भी बाल-बाल बच गए। घटना के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना जैत पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है। पुलिस द्वारा फरार चालक की तलाश तेजी से की जा रही है। जिस बहन को भाई के माथे पर तिलक लगाकर हर्षाेल्लास के साथ भाई दूज का पर्व मनाना था, उसकी अचानक हुई इस मौत से मायके और ससुराल दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

