home page

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

 | 

जौनपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, विशेषरपुर गांव निवासी संदीप कुमार की पत्नी पूनम (35) की रविवार दोपहर करीब 01 बजे तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पूनम के मायके पक्ष के लोग भी सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बैजारामपुर से जिला अस्पताल पहुंच गए।

मायके वालों ने आरोप लगाया कि पूनम की ससुराल के लोगों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या की है। उनका यह भी आरोप है कि पति अक्सर पूनम के साथ मारपीट और उसे प्रताड़ित करता था। पूनम की शादी वर्ष 2013 में हुई थी और वह तीन बच्चों की मां थी।लाइन बाजार थानाध्यक्ष के के सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव