home page

मंत्री अनिल राजभर को 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने सौंपा ज्ञापन

 | 
मंत्री अनिल राजभर को 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने सौंपा ज्ञापन


लखनऊ, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2018 में शामिल अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग के मंत्री अनिल राजभर से उनके लखनऊ स्थित आवास पर मुलाक़ात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

अभ्यर्थियों ने उनसे मांग करते हुए कहा की राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तर प्रदेश लखनऊ की संस्तुति के अनुसार, अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 68,500 शिक्षकों की भर्ती परीक्षा के उत्तीर्णांक में 05 प्रतिशत की छूट देते हुए पूर्णांक 150 में 60 अंक अर्थात 40 प्रतिशत पर परिणाम संशोधित करा कर नई सूची जारी करें। अभ्यर्थियों ने ज्ञापन के साथ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट भी सौंपी।

मंत्री अनिल राजभर ने इस प्रकरण पर मुख्यमंत्री से वार्ता कर सकारात्मक कार्यवाही किये जाने का आश्वासन अभ्यर्थियों को दिया है। मंत्री ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार दलितों पिछड़ों के साथ है।

अभ्यर्थी तूफान सिंह ने बताया कि 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती 2018 के संबंध में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तर प्रदेश लखनऊ की ओर से अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 05 प्रतिशत की छूट प्रदान किए जाने एवं सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की संस्तुति की गई है। जिसमें ओबीसी अभ्यर्थियों के साथ-साथ दिव्यांग/भूतपूर्व सैनिक स्वंय/स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों आदि को भी लाभ मिलेगा।

ज्ञापन देने वालों में इस भर्ती का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी आशुतोष वर्मा, अखिल यादव और नवीन चौधरी शामिल रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन