मणिकर्णिका युवती सम्मेलनों से नेतृत्व और स्वावलंबन को मिलेगा मंच : शिवा राजे बुंदेला
कानपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। युवतियों को विचार, संवाद, आत्मविश्वास और नेतृत्व का व्यापक मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका के लिए तैयार किया जाएगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत दो से 10 अक्टूबर तक कानपुर प्रांत के 21 संगठनात्मक जिलों में ‘मणिकर्णिका’ युवती सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। यह बातें अखिल विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रांत छात्रा प्रमुख शिवा राजे बुंदेला ने प्रेस वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि ‘मणिकर्णिका’ युवती सम्मेलन केवल युवतियों को एक स्थान पर जुटाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और स्वावलंबन को बढ़ावा देने का मंच है। सम्मेलन में 18 से 35 वर्ष की युवतियां प्रतिभाग करेंगी और प्रत्येक सम्मेलन में करीब एक हजार युवतियों की सहभागिता होगी।
अभाविप की ओर से बताया गया कि यह अभियान केवल कानपुर प्रांत तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में युवती शक्ति को नेतृत्व, आत्मविश्वास और स्वावलंबन से जोड़ने के लिए अलग-अलग प्रांतों में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। कानपुर प्रांत में 21 संगठनात्मक और 14 प्रशासनिक जिलों में जिलावार आयोजन कर इस राष्ट्रव्यापी अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में ‘मिशन साहसी’ का विशेष प्रदर्शन होगा। इसके माध्यम से युवतियों को विषम परिस्थितियों में आत्मरक्षा, मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास के महत्व से परिचित कराया जाएगा। इसके अलावा पंच परिवर्तन, महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और समसामयिक विषयों पर विशेष सत्र होंगे।
प्रांत सहमंत्री आयुषी त्रिपाठी ने कहा कि यह अभियान युवती शक्ति को राष्ट्र निर्माण के व्यापक संकल्प से जोड़ने का प्रयास है। वहीं कानपुर विभाग की विभाग छात्रा प्रमुख खुशी भारती ने 18 से 35 वर्ष की युवतियों से सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व प्रांत छात्रा प्रमुख शिवा राजे बुंदेला, प्रांत सहमंत्री आयुषी त्रिपाठी, विभाग छात्रा प्रमुख खुशी भारती और आरसी त्रिपाठी मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

