मानव एकता दिवस पर 24 अप्रैल को रक्तदान शिविर का आयाेजन
जौनपुर, 18 अप्रैल।(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जाैनपुर जिले में संत निरंकारी मिशन की ओर से बाबा गुरबचन सिंह की पावन स्मृति में ‘मानव एकता दिवस’ 24 अप्रैल को श्रद्धा और सेवा-भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश-विदेश में सत्संग और रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे मानव एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश प्रसारित होगा।
दिल्ली के बुराड़ी स्थित ग्राउंड नंबर-दाे में सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित के सान्निध्य में भव्य सत्संग आयोजित होगा। इस क्रम में जौनपुर के मड़ियाहूं पड़ाव स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में भी रक्तदान शिविर लगाया जाएगा, जहां विभिन्न अस्पतालों के चिकित्सक और इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की टीम सेवाएं देंगी।
संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिन्दर सुखीजा ने शनिवार को इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रक्तदान कर मानव जीवन की रक्षा में योगदान देंगे। मिशन पिछले चार दशकों से रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय है और निरंतर समाज सेवा कर रहा है।
इस आयोजन के माध्यम से लोगों को निःस्वार्थ सेवा, प्रेम और आपसी सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलेगी। स्थानीय मीडिया सहायक उदय नारायण जायसवाल ने बताया कि यह दिवस बाबा गुरबचन सिंह एवं चाचा प्रताप सिंह की स्मृति को समर्पित है, जिनका जीवन सेवा, त्याग और मानवता के आदर्शों से प्रेरित रहा। --------------- ी
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

