home page

जन भवन में सैनिक पुनर्वास निधि की प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न

 | 
जन भवन में सैनिक पुनर्वास निधि की प्रबंधन समिति की बैठक सम्पन्न


लखनऊ, 12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश सैनिक पुनर्वास निधि की अध्यक्ष आनंदीबेन पटेल के विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे की अध्यक्षता में शुक्रवार को जन भवन लखनऊ में उत्तर प्रदेश सैनिक पुनर्वास निधि की प्रबंधन समिति की 52वीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में निधि से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों एवं योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में निधि द्वारा संचालित वार्षिक शैक्षिक सहायता अनुदान योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि उत्तर प्रदेश पुलिस एवं आर्म्ड फोर्सेज सहायता संस्थान, लखनऊ द्वारा संचालित वार्षिक शैक्षिक सहायता अनुदान योजना के अंतर्गत स्वीकृत पाठ्यक्रमों को अंगीकार किया जाए। साथ ही विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अंतर्गत प्रारम्भ किए जा रहे नए पाठ्यक्रमों को भी योजना में सम्मिलित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि उत्तर प्रदेश सैनिक पुनर्वास निधि की भूमि यदि किसी विभाग अथवा संस्था को किसी प्रयोजन हेतु उपलब्ध कराई जाती है तो उसका उचित प्रतिकर निधि का प्राप्त होना सुनिश्चित किया जाए, ताकि निधि के संसाधनों एवं हितों का संरक्षण किया जा सके।

बैठक में युद्ध अथवा सैन्य कार्रवाई में शहीद सैनिकों के आश्रितों तथा दिव्यांग सैनिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में प्राथमिकता प्रदान किए जाने के निर्देश भी दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन