home page

22,569 बूथों पर सुनी जाएगी ‘मन की बात’ : रामकिशोर साहू

 | 
22,569 बूथों पर सुनी जाएगी ‘मन की बात’ : रामकिशोर साहू


कानपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों में रविवार को 22,569 बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने की व्यवस्था की गई है। क्षेत्रीय पदाधिकारी अपने-अपने जिलों में पहुंचकर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। यह जानकारी शनिवार को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने क्षेत्रीय मुख्यालय में हुई बैठक में दी।

‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का प्रसारण होगा। कानपुर महानगर के मसवानपुर स्थित बांके बिहारी गेस्ट हाउस में कार्यक्रम का विशेष लाइव प्रसारण किया जाएगा। बड़ी एलईडी स्क्रीन के जरिए युवा, महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी और विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला मौजूद रहेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी 17 जिलों में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई और बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गईं।

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का विशेष लाइव कनेक्शन आयोजित किया जाएगा। शनिवार को गोविंद नारायण शुक्ला ने भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित और विधायक सुरेंद्र मैथानी के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने एलईडी स्क्रीन, बैठने की व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि कार्यक्रम में युवा और महिला शक्ति की बड़ी सहभागिता सुनिश्चित की गई है। सभी 17 जिलों में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, आनंद सिंह, राजेश पटेल, पवन प्रताप सिंह, वीरेंद्र तिवारी और अमित समाधिया समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप