राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक
मुरादाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार और जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सैय्यद माऊज़ बिन आसिम के निर्देशन में 9 मई को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जनपद मुरादाबाद के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बैठक आज आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी ने किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी ने कहा किलोकश्र अदालत की सफलता के लिए सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की अनुपस्थिति न केवल प्रक्रिया को प्रभावित करती है, बल्कि आम जनता को मिलने वाले त्वरित न्याय के उद्देश्य को भी कमजोर करती है। सचिव तपस्या त्रिपाठी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग में लंबित प्री लिटिगेशन एवं सुलह योग्य प्रकरणों को शीघ्र पहचान कर उन्हें अंतिम निस्तारण के लिए तैयार किया जाए।
बैठक में तहसीलदार कांठ, बिलारी, ठाकुरद्वारा, एआरटीओ, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग, कृषि अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ठाकुरद्वारा ही बैठक में शामिल हुए, अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहें।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

