home page

विद्यार्थियों को रोजगार योग्य बनाना पीयू की प्राथमिकता : प्रो. आरके सिंह

 | 
विद्यार्थियों को रोजगार योग्य बनाना पीयू की प्राथमिकता : प्रो. आरके सिंह


जौनपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ की ओर से विद्यार्थियों को रोजगार एवं बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नीरइन्फो सॉल्यूशंस के सहयोग से प्लेसमेंट ड्राइव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बीसीए, एमसीए, बीटेक सहित विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के बाद विश्वविद्यालय के 10 विद्यार्थियों का चयन हुआ।कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कंपनी के निदेशक सुधांशु शेखर और प्रबंध साझेदार वरुण महाजन से संवाद कर विद्यार्थियों के प्रदर्शन तथा उद्योग जगत की बदलती जरूरतों की जानकारी ली। कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास और उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयारी करने पर जोर दिया।कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार योग्य बनाना और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष पेशेवर तैयार करना है। विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षण एवं नियोजन व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा। रोजगारपरक प्रशिक्षण, कौशल विकास और प्लेसमेंट कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा।प्लेसमेंट प्रक्रिया के प्रथम चरण में आठ सितंबर को अभिरुचि एवं योग्यता परीक्षण आयोजित किया गया, जिसमें 116 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। नौ सितंबर को कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को कंपनी के कार्यक्षेत्र, रोजगार अवसर और करियर संभावनाओं की जानकारी दी। इसके बाद व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किए गए। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया।समापन सत्र में सुधांशु शेखर और वरुण महाजन ने विद्यार्थियों को वर्तमान रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप तैयारी के सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान भी किया।इस अवसर पर केंद्रीय प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार, अनिकेत खरे, डॉ. नितेश जायसवाल, डॉ. दीप, डॉ. केके यादव, डॉ. अनुराग, श्याम त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक एवं सहयोगी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव