योगी सरकार खादी को बना रही आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम : राकेश सचान
लखनऊ, 30 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने गुरुवार को खादी भवन, डालीबाग में विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशिक्षण, बजट व्यय, लंबित न्यायिक प्रकरणों और अनुशासनिक जांचों सहित समग्र कार्यों की प्रगति का बिंदुवार परीक्षण किया गया।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खादी, ग्रामोद्योग, हथकरघा एवं रेशम क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन का मजबूत आधार बना रही है। योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे और बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, पंडित दीनदयाल ग्रामोद्योग विकास सहायता योजना, गुणवत्ता सुधार, कौशल प्रशिक्षण सहित सभी योजनाओं के लक्ष्य समय सीमा में पूरे किए जाएं। बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित हों।
बैठक में प्रशिक्षण केंद्रों की अवस्थापना, मरम्मत, छात्रावास सुदृढ़ीकरण, वर्षा जल संचयन, सुरक्षा व्यवस्था और उपकरणों की उपलब्धता की भी समीक्षा हुई। मंत्री सचान ने सभी प्रशिक्षण केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और बस्ती सहित विभिन्न केंद्रों के विकास कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए।
मंत्री राकेश सचान ने खादी उत्पादों की ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार और विपणन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सभी बिक्री केंद्रों, प्रशिक्षण संस्थानों और परिसंपत्तियों का सर्वे कर अधिक ग्राहकों वाले स्थानों पर नए खादी स्टोर खोलने, विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर खादी उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आगामी खादी प्रदर्शनी एवं महोत्सवों के व्यापक प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न मंचों से खादी को बढ़ावा देने के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया। कुशीनगर में निर्माणाधीन कॉमन फैसिलिटी सेंटर के लिए मशीनों की खरीद और स्थापना में तेजी लाकर समयसीमा में संचालन शुरू करने के निर्देश भी दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय

