शॉर्ट सर्किट से मुन्ना पुरवा में भीषण अग्निकांड: दो दर्जन घर खाक, लाखों का नुकसान
लखीमपुर खीरी, 21 अप्रैल (हि.स.)। निघासन तहसील क्षेत्र के मुन्ना पुरवा गांव में मंगलवार दोपहर बिजली के तारों से निकली चिंगारी ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते दो दर्जन परिवारों के सिर से छत छिन गई। भीषण अग्निकांड में घरों के अंदर रखा राशन, नकदी, जेवर और कीमती सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में एक युवक भी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
--तेज हवाओं ने आग को बनाया विकराल
मझगई थाना क्षेत्र के मुन्ना पुरवा गांव में दोपहर करीब 12 बजे बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ। तेज हवाओं के कारण आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, लपटों ने पूरे मोहल्ले को अपनी चपेट में ले लिया। गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए पशुबाड़ों में बंधे मवेशियों की रस्सियां काटकर उन्हें बाहर निकाला, जिससे उनकी जान बच सकी।
-घंटों देरी से पहुंची दमकल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, लेकिन आरोप है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब एक घंटे देरी से पहुंची। मौके पर केवल एक वाहन पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उनकी दमकल कर्मियों से तीखी नोक-झोंक हुई। स्थिति बिगड़ती देख एसआई राम सुमेर साहनी और दीवान महेंद्र सिंह ने मोर्चा संभाला और पलिया से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां मंगवाकर ग्रामीणों को शांत कराया।
--इनके आशियाने हुए राख
इस भीषण त्रासदी में गंगाराम, बबलू, आशीष, जयलाल, सोहन, शारदा प्रसाद, महावीर, सोनेलाल, श्रीकेशन, राजेश, कौशल कुमार, तोताराम, रामनरेश, नरेश कुमार, सुरेश कुमार, प्रेमीलाल, रामगोपाल, केशवराम, पंकज, अनिल कुमार और शिवकुमार समेत करीब 24 लोगों के घर पूरी तरह जल गए। गंगाराम और सोनेलाल की पशुशाला व डनलप भी आग की भेंट चढ़ गए।
--युवक की हालत नाजुक, सीएचसी में भर्ती
आग बुझाने के प्रयास में हुलासी राम का 20 वर्षीय पुत्र रोहित आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। उसे आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए निघासन सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
--अधिकारियों ने लिया जायजा
अग्निकांड की सूचना मिलते ही निघासन एसडीएम राजीव निगम और तहसीलदार दिव्यांशु शाही ने गांव का दौरा किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और राजस्व टीम को हुए नुकसान का आंकलन कर जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

