नोएडा पुलिस में भारी बदलाव, चार अपर पुलिस उपायुक्त और छह सहायक पुलिस आयुक्तों को मिली नई तैनाती
नोएडा, 11 मई (हि.स.)। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से चार अपर पुलिस उपायुक्त तथा आधा दर्जन सहायक पुलिस आयुक्तों का तबादला साेमवार सांयकाल कर दिया है। चर्चा है कि जल्द ही कुछ थाना प्रभारियों का भी तबादला इधर से उधर होगा। बताया जाता है कि अप्रैल माह में हुए श्रमिक हिंसक आंदोलन में कुछ अधिकारियों की कार्य प्रणाली काफी शिथिल रही थी। इस बात से पुलिस आयुक्त काफी नाराज थी। कुछ सुस्त प्रकार के थाना प्रभारियों पर भी जल्द गाज गिरने की चर्चा है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के लिए पुलिस आयुक्त ने सोमवार की शाम को अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह को अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जेल नोएडा के पद पर तैनात किया है। उन्होंने बताया कि अपर पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक के पद पर तैनात संतोष कुमार पांडे को अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा बनाया गया है। उन्होंने बताया कि अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार को अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय तथा अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन रहे आरके गौतम को अपर पुलिस उपायुक्त अपराध, पुलिस लाइन ,मॉनिटरिंग सेल और आंकिक शाखा बनाया गया है।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त जितेंद्र कुमार सिंह को सहायक पुलिस आयुक्त सेंट्रल जोन( द्वितीय), सहायक पुलिस आयुक्त अनिल कुमार पांडे को सहायक पुलिस आयुक्त नोएडा द्वितीय के पद पर तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त पवन कुमार को एसीपी ट्रैफिक ग्रेटरनोएडा जोन, सहायक पुलिस आयुक्त शकील मोहम्मद को एसीपी ट्रैफिक जोन नोएडा और प्रोटोकॉल, एसीपी उमेश यादव को एसीपी ट्रैफिक सेंट्रल जोन, एसीपी राधा रमन सिंह को एसीपी ग्रेटर नोएडा के साथ एसीपी अपराध के पद पर तैनात किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

