कृष्णमय हुए विद्या भारती के विद्यालय, नन्हे-मुन्हे बने कान्हा तो गूंजे भजन, कर्मयोग का दिया संदेश
महोबा, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में विद्याभारती की ओर से संचालित विद्यालयों में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भैया-बहनों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, कर्मयोग, सत्य, धर्म एवं कर्तव्यपरायणता के बारे में विस्तार से बताया गया और उन्हें श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अच्छे संस्कार एवं सद्गुण अपनाने का संदेश दिया गया है।
जनपद मुख्यालय के राठ रोड स्थित शिशु शिक्षा निकेतन इण्टर कॉलेज में गुरुवार को कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के स्मरण एवं वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर कार्यालय प्रमुख बृजेश कुमार यादव ने विद्यालय के भैया-बहनों (छात्र छात्राओं) को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, कर्मयोग, सत्य, धर्म एवं कर्तव्यपरायणता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अच्छे संस्कार एवं सद्गुण अपनाने का संदेश दिया।
इसके साथ ही नगर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रामकथा मार्ग महोबा में शिशु वाटिका के नन्हे मुन्हे भैया बहनों को कृष्ण बाल स्वरूप में सुंदर-सुंदर सजाया गया। भये प्रकट कृपाला... स्तुति के साथ प्रधानाचार्या आभा तिवारी व समस्त स्टाफ ने कंस मर्दन बालकृष्ण कन्हैया लाल की सुंदर आरती उतारी।
प्रधानाचार्या ने मां यशोदा का भाव रख पालने में लेटे कन्हैया की बलिहारी ली। तो वहीं आल्हा चौक स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने श्री कृष्ण के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर अपने प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए तथा सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान सजाई गई श्री कृष्ण और राधा रानी की सजीव व मनमोहक झांकी सभी के आकर्षण का केंद्र रही।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में विद्यालय के आचार्यों ने गद्य और पद्य के सुंदर समन्वय के साथ भगवान श्री कृष्ण की दिव्य लीलाओं और कथा का रसपान कराया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश सिंह ने छात्रों को भगवान श्री कृष्ण के कर्मयोग के संदेश को अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा दीं।
श्री कृष्ण से सत्य के मार्ग पर चलने की मिलती प्रेरणा : नवीन कुमार अवस्थी
जनपद के चरखारी कस्बा में स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य एवं मनोहारी कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भारतीय संस्कृति की गरिमा के साथ किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नवीन कुमार अवस्थी ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, कर्तव्य, सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य नीरज कुमार, उदयभान , अरविंद ने भी श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके व्यक्तित्व से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने तथा भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यालय परिसर में भक्तिमय एवं आनंदमय वातावरण बना रहा।श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

