अखिलेश यादव के चवन्नी वाले बयान पर भड़के राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता, पुतला फूंक कर जताया विरोध
महोबा, 19 अगस्त (हि.स.)। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के चवन्नी को एक रुपया बनाने वाले बयान पर राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता भड़क गए। बुधवार को जनपद मुख्यालय स्थित आल्हा चौक पर आक्रोशित आरएलडी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला फूंक अपना विरोध दर्ज जताया है।
जनपद मुख्यालय स्थित आल्हा चौक पर राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष उमेश त्रिपाठी के नेतृत्व में एकत्रित हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर समाजवादी पार्टी के मुखिया के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी की और उनके बयान की कड़े शब्दों में निंदा की।पार्टी जिलाध्यक्ष उमेश त्रिपाठी ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा इस तरह के शब्दों का प्रयोग करना निंदनीय है। सपा प्रमुख कुछ बनाने वाले नहीं हैं, बनाने वाली जनता है जनता। नेताओं को जनता का सम्मान करना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान आरएलडी कार्यकर्ताओं ने आल्हा चौक पर अखिलेश यादव का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि सपा सुप्रीमो अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन मौजूद रहा है। अखिलेश यादव के बयान को लेकर सियासत गरमा गई है। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

