सीसीटीएनएस रैंकिंग में महोबा पुलिस ने फिर मारी बाजी, शत प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में पाया पहला स्थान
महोबा, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद पुलिस ने सीसीटीएनएस योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के आधार पर जारी जून की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में एक बार फिर बाजी मार ली है। जनपद ने शत प्रतिशत अंक प्राप्त करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। शनिवार को एसपी ने इस को उपलब्धि जनपद पुलिस की कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता और अपराधों के त्वरित निस्तारण का प्रमाण बताया है।
पुलिस कप्तान शशांक सिंह ने बताया कि सीसीटीएनएस एक एकीकृत ऑनलाइन प्रणाली है। इसके माध्यम से अपराध से संबंधित रिपोर्ट, विवेचना की अद्यतन स्थिति, आरोपियों की गिरफ्तारी, केस डायरी से लेकर चालान प्रस्तुत होने तक की सभी कार्यवाही ऑनलाइन दर्ज की जाती है। यह प्रणाली पारदर्शी, तीव्र और प्रभावी पुलिस कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार है।
एसपी ने बताया कि सीसीटीएनएस पोर्टल पर आईआईएफ फॉर्म, ट्रेनिंग सर्टिफिकेट, फील्ड यूनिट पोर्टल, पीजी पोर्टल समेत 10 पोर्टलों पर श्रेष्ठ फीडिंग, समयबद्ध अपलोडिंग और सतत मॉनिटरिंग के आधार पर महोबा को पहला स्थान मिला है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं द्वारा जिले के एसपी शशांक सिंह और एएसपी वंदना सिंह के नेतृत्व की सराहना की गई। साथ ही सीसीटीएनएस डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर का दायित्व निभा रहे कंप्यूटर ऑपरेटर रहमान रशीद और इंद्रजीत सिंह के कार्यों की भी विशेष रूप से प्रशंसा की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने टीमवर्क, उत्तरदायित्व और विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ाने काे लेकर किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी मनोयोग के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। जनपद पुलिस की यह उपलब्धि पुलिस की तकनीकी दक्षता, अनुशासन और आमजन की सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

