कात्यायन ऋषि की पुत्री हैं मां कात्यायनी, शत्रुहंता के नाम से हैं प्रसिद्ध : पंडित अनुज कृष्ण शास्त्री
महोबा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद में शारदीय नवरात्र के छठवें दिन देवी मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों की धूम रही। सुबह जहां लोगों ने माता के छठवें स्वरूप कात्यायनी माता का पूजन करने के बाद कन्याओं को भोजन कराया। उधर देवी पांडालों में रात्रि जागरण की धूम रही। जिसे देखने को स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। तो वहीं भक्तों के द्वारा घर घर में अनुष्ठान कराए जा रहे हैं।
शारदीय नवरात्र के छठवें दिन देवी मंदिरों में मां दुर्गा के छठवें स्वरूप कात्यायनी माता का श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ फूल, कपूर-बताशा-नारियल, पान-सुपारी, लौंग से पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने बड़ी चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में कन्याओं को भोजन कराया।
जनपद मुख्यालय के बड़ी हाट स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के पुजारी अनुज कृष्ण शास्त्री ने बताया कि मां कात्यायनी 12 राशियों के लिए शुभ हैं। विशेषकर कन्या व मिथुन राशि के लिए अति उत्तम हैं। मां कात्यायनी को हरित और बसंती रंग बहुत प्रिय हैं। मां की पूजा के समय साधकों को पीले व सफेद रंग के वस्त्र धारण करने चाहिए। कात्यायन ऋषि के यहां जन्म लेने के कारण इनकी नाम कात्यायनी पड़ा। इन्हें शत्रुहंता भी कहा जाता है। इनकी आराधना से आठों प्रकार की सिद्धि प्राप्त होती है।
देवी मंदिरों में दोपहर के समय कथा व मुंडन आदि कार्यक्रमों का दौर जारी रहा। वहीं शाम होते ही एक बार फिर से देवी मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों का तांता लग गया। इसके साथ ही गायत्री शक्तिपीठ, छोटी चंद्रिका देवी मंदिर, विंध्यवासिनी मंदिर, शारदा माता मंदिर व शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं ने देवी मां का पूजन-अर्चन किया। वहीं नगर में मां दुर्गा की भव्य झांकी सजाई गईं। जिसे देखने को स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही।
जनपद मुख्यालय स्थित आल्हा चौक, ऊदल चौक, सुभाष चौकी, गांधी नगर, नैकानापुरा , बड़ी हाट, समेत नगर भर में सजी माता रानी की सुंदर झांकियों को देखने व आरती में स्थानीय लोग भारी संख्या में पहुंचे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

