मौसम विभाग के भारी बारिश का अलर्ट पर डीएम ने जारी की एडवाइजरी
महोबा, 20 अगस्त (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 21 और 22 अगस्त को भारी वर्षा की संभावना जताई है। मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने गुरुवार को जनसाधारण के बचाव के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए खराब मौसम में घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
गुरुवार को डीएम गजल भारद्वाज ने खराब मौसम के दौरान आम जनमानस से सतर्क रहने और सावधानियां बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पशु हानि से बचाव के लिए पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधें। उन्हें पेड़ के नीचे या टीन शेड के नीचे न बांधें। पशुओं को चराई के लिए खुले में न छोड़ें, क्योंकि पशु भी स्वयं को बचाने के लिए पेड़ों के नीचे छिपते हैं जो सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने कहा कि खराब मौसम में कोई भी व्यक्ति घर से बाहर न निकले। यदि बाहर हैं तो छिपने के लिए केवल पक्के मकान का ही प्रयोग करें। पेड़ के नीचे बिल्कुल न छिपें। जंगली क्षेत्र में हों तो छोटे पेड़ के नीचे छिपें और पैर के नीचे सूखी लकड़ी या पत्ते रखें। इसके साथ ही बारिश के समय बर्तन न मांजें, न नहाएं और न ही कपड़े धोएं। टीवी, कूलर जैसी किसी भी इलेक्ट्रॉनिक वस्तु को न छुएं। मोबाइल फोन पर बात न करें और जर्जर मकान से दूर रहें। डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तुरंत संपर्क करने की अपील की है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

