महोबा में 10 कराेड़ की लागत से बनेंगी चार सड़कें
महोबा, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की दशा सुधारने के लिए शासन ने लगभग 10 करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत की है। जिससे लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिल सकेगी। जल्द ही इनका काम शुरू होगा और इसकी प्रक्रिया विभाग स्तर पर शुरू कर दी गई।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को खस्ताहाल सड़कों की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। हालांकि अब चार सड़कों के लिए 968.95 लाख की धनराशि स्वीकृत मिलने से सड़कों की दशा में सुधार होगा, जिससे लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। सुगम यातायात के साथ ही सड़कों के निर्माण से यातायात बढ़ेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी विकास की मुख्य धारा से जुड़ सकेंगे।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता विकास जौहरी ने सोमवार को बताया कि जिले के बरी भटेवर, अतरारमाफ से उरवारा, मामना व बम्हौरी बेलदारन ग्राम में इन सड़कों को बनवाया जाना है। जिसके लिए बजट स्वीकृत हो गया है। सड़क निर्माण काे लेकर प्रक्रिया चल रही है और आने वाले कुछ महीनों में लोगों को बेहतर सड़क की सौगात मिलने के साथ ही आवागमन में राहत मिल सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

