home page

डीएम ने बीईओ और निर्माण समन्वयक के वेतन पर लगाई रोक, 10 दिन में जर्जर भवन ध्वस्त करने के निर्देश

 | 
डीएम ने बीईओ और निर्माण समन्वयक के वेतन पर लगाई रोक, 10 दिन में जर्जर भवन ध्वस्त करने के निर्देश


महोबा, 25 अगस्त (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को विद्यालयों की अवस्थापना और व्यवस्थाओं को लेकर आयोजित बैठक में डीएम गजल भारद्वाज ने विद्यालयों में जलभराव, हाइटेंशन लाइन की स्थिति समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जहां अधिकारियों द्वारा स्पष्ट जवाब न देने पर उन्होंने कड़ा रोष व्यक्त किया है। डीएम ने बीईओ और निर्माण समन्वयक के वेतन पर रोक लगाई है। डीएम की सख्ती से अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

डीएम ने बैठक में विद्यालयों में जलभराव, पहुंच मार्ग, कायाकल्प, जर्जर भवनों के चिह्नांकन और स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान जिला समन्वयक निर्माण और खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा जलभराव, पहुंच मार्ग, जर्जर भवन और हाईटेंशन लाइन से संबंधित स्पष्ट जानकारी प्रस्तुत न कर पाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रोष व्यक्त किया।

इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि 10 दिन के अंदर सभी जर्जर भवनों का सत्यापन कराकर ध्वस्तीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यालयों में जलभराव, पहुंच मार्ग और हाईटेंशन लाइन की स्पष्ट कारण सहित रिपोर्ट 10 दिन के भीतर उपलब्ध कराई जाए।

समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला समन्वयक निर्माण के द्वारा स्पष्ट सूचना प्रस्तुत न करने पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने उक्त सूचना प्राप्त होने तक वेतन आहरण पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही दस दिनों में विद्यालयों के जर्जर भवनों का सत्यापन कराकर ध्वस्तीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी