home page

दीपावली पर सुरक्षा के साथ मनाएं खुशियों का त्याेहार : सीएमओ

 | 
दीपावली पर सुरक्षा के साथ मनाएं खुशियों का त्याेहार : सीएमओ


महोबा, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में दीपावली पर्व को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ विनय कुमार ने शनिवार को जनपदवासियों से एक सुरक्षित और खुशहाल त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि, दीपोत्सव के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी या दुर्घटना से बचने के लिए पटाखे जलाते समय विशेष रूप से सतर्कता बरतें।

सीएमओ ने कहा कि पटाखे जलाते समय ढीले एवं सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचें और पास में पानी की व्यवस्था अवश्य रखें। बच्चों को पटाखे बड़ों की देखरेख में ही जलाने दें। पटाखों को शरीर से दूर रखकर जलाएं। इसके साथ ही उन्होंने जलने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जले हुए स्थान पर तुरंत 20 मिनट तक सामान्य साफ बहता पानी डालें। जले हुए स्थान को साफ रखें और किसी साफ कपड़े या स्टेराइल ड्रेसिंग से ढकें। जले हुए स्थान पर टूथपेस्ट, कोलगेट, हल्दी, नमक, तेल या अन्य घरेलू पदार्थ न लगाएं। जले हुए स्थान पर बर्फ का इस्तेमाल न करें। गंभीर रूप से जलने की स्थिति में तुरंत 108 एम्बुलेंस को कॉल करें और चिकित्सकीय सहायता लें। सीएमओ ने कहा कि छोटी सी सावधानी बड़ी दुर्घटना से बचा सकती है। दीपावली खुशियों का त्याेहार है, इसे सुरक्षित और स्वस्थ तरीके से मनाएं। खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों की भी सुरक्षित रखें।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी