महिला उत्पीड़न के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, संवेदनशीलता से करें कार्रवाई : डॉ. बबीता सिंह
राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, अस्पताल सेवाओं का भी लिया जायजा
महिला जनसुनवाई में उठे 20 प्रकरण, 15 दिन में निस्तारण के निर्देश
झांसी, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) डॉ. बबीता सिंह चौहान ने सदस्य अनुपमा सिंह लोधी के साथ झांसी दौरे के दौरान जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया और सर्किट हाउस सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने अधिकारियों को महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अल्ट्रासाउंड सेंटर, ओपीडी, लेबर रूम एवं महिला वार्ड का जायजा लिया तथा भर्ती महिलाओं से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। अस्पताल की व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर गोद भराई, अन्नप्राशन एवं कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ, जिसमें 12 नवजात बालिकाओं की माताओं को जन्मोत्सव बधाई पत्र, बेबी किट एवं मिष्ठान वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि बेटियां दो परिवारों का नाम रोशन करती हैं और उन्हें शिक्षित व आत्मनिर्भर बनाना समाज की जिम्मेदारी है। सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई में कुल 20 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश मामले पुलिस विभाग से संबंधित थे। अध्यक्ष ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए 15 दिनों के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में उन्होंने महिला कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, पंचायती राज एवं पुलिस विभाग की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा महिलाओं को अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी, एसीएमओ डॉ एनके जैन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला चिकित्सालय डॉ राजनारायण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

