वैदिक शिक्षा एवं आधुनिक ज्ञान का केंद्र बनेगा महर्षि वेदव्यास गुरुकुल विद्यापीठ : आचार्य सुधांशु महाराज
दिव्य लोक आश्रम मुरादाबाद में महर्षि वेदव्यास गुरुकुल विद्यापीठ का शुभारंभ
मुरादाबाद, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की पीतल नगरी मुरादाबाद जनपद में सनातन संस्कृति, वैदिक ज्ञान और आधुनिक शिक्षा के अनूठे संगम के रूप में 'महर्षि वेदव्यास गुरुकुल विद्यापीठ' का उद्घाटन समारोह विश्व जागृति मिशन के तत्वाधान में आशियाना कॉलोनी में संचालित दिव्य लोक आश्रम में भव्यता पूर्वक संपन्न हुआ। सदगुरुदेव आचार्य सुधांशु महाराज, श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह, गुरुकुल चोटीपुरा की प्रधानाचार्य आचार्य सुमेधा में फीता खोलकर गुरुकुल विद्यापीठ का शुभारंभ किया। आचार्य सुधांशु महाराज ने कहा कि वैदिक शिक्षा एवं आधुनिक ज्ञान का केंद्र महर्षि वेदव्यास गुरुकुल विद्यापीठ बनेगा।
सुधांशु महाराज ने आगे कहा कि महर्षि वेदव्यास जी के पावन नाम से स्थापित यह विद्यापीठ मुरादाबाद की पवित्र धरा पर सनातन संस्कृति और वैदिक चेतना का नया सूर्योदय है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल केवल किताबी ज्ञान देने का केंद्र नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के चरित्र, विचारों और संस्कारों का निर्माण करने वाली पवित्र तपोभूमि है। आज के भौतिक वादी युग में जहाँ नैतिक मूल्यों का ह्रास हो रहा है, यह संस्थान बच्चों में उच्च मानवीय मूल्यों का बीजारोपण कर उन्हें राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाएगा।
कार्यक्रम में मेयर विनोद अग्रवाल, प्रसिद्ध निर्यातक अजय गुप्ता, जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शैफाली अग्रवाल, विश्व जागृति मिशन मुरादाबाद मंडल के प्रधान रचित अग्रवाल, गुरुकुल प्रधान, सीए प्रवीण अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, महामंत्री अभिनव अग्रवाल, रामकुमार गंगवार, आचार्य प्रियांशु शर्मा, आचार्य गौरव, आचार्य तारा चन्द्र शास्त्री, शोभा अग्रवाल, गीता अग्रवाल मौजूद रहे।
दीप प्रज्वलन और हवन-पूजन में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आरती के बाद विशाल भंडारा संपन्न हुआ।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

