home page

महाराष्ट्र पुलिस का गौराबादशाहपुर के ज्वेलरी शोरूम पर छापा, संचालक को हिरासत में लेकर गई टीम

 | 
महाराष्ट्र पुलिस का गौराबादशाहपुर के ज्वेलरी शोरूम पर छापा, संचालक को हिरासत में लेकर गई टीम


जौनपुर, 09 जून (हि.स.) यूपी के जौनपुर में गौराबादशाहपुर नगर पंचायत के बारी रोड स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम पर मंगलवार शाम को महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने छापेमारी कर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान के संचालक को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई।

मंगलवार अपराह्न करीब चार बजे महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम हथकड़ी लगे एक व्यक्ति को साथ लेकर मोहन सेठ सुजीत ज्वेलर्स पहुंची। पुलिस ने दुकान में प्रवेश करते ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और बाहरी लोगों तथा मीडिया कर्मियों को मौके से दूर रखा गया।पुलिस टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक दुकान के भीतर गहन जांच और पूछताछ की। इस दौरान दुकान के अभिलेखों एवं अन्य सामग्री की भी जांच की गई। शाम करीब साढ़े पांच बजे जांच पूरी होने के बाद पुलिस टीम दुकान के संचालक सुजीत सेठ को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या बरामद हुआ और यह कार्रवाई किस मामले से संबंधित है, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।इस संबंध में गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी गंगासागर मिश्रा ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है, इसलिए फिलहाल मामले के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा करना संभव नहीं है। पुलिस की इस कार्रवाई के पीछे के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव