फर्रुखाबाद में 9 मई को होगा महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण
फर्रुखाबाद,7 मई (हि.स.)। शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर आगामी 9 मई को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया जाएगा। इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने और अंतिम दौर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौर ने प्रशासनिक अमले के साथ कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उनके साथ डीडीओ, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता और डायल 112 के प्रभारी भी मौजूद रहे।
जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान
निरीक्षण के दौरान रोडवेज बस स्टैंड के पास सड़क किनारे जलभराव की समस्या सामने आई। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने नगर पालिका अध्यक्ष से और डीडीओ ने ईओ से वार्ता की। संबंधित अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि रात तक जलभराव की समस्या का पूर्ण रूप से समाधान कर दिया जाएगा ताकि कार्यक्रम में कोई विघ्न न आए।
कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए प्रतिमा के माल्यार्पण के लिए विशेष रूप से क्रेन की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति के अनुसार, मूर्ति के ठीक पीछे एक विशाल मंच और पंडाल सजाया जाएगा, जिसमें वीआईपी मूवमेंट के लिए एक अलग गैलरी भी बनाई जाएगी। मंच पर आसीन होने वाले विशिष्ट अतिथियों की सूची अलग से तैयार की जा रही है।
साफ-सफाई के सख्त निर्देश
अधिकारियों ने बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने बताया कि मंत्रीगण सुबह 10:30 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच जाएंगे। उन्होंने इस आयोजन को फर्रुखाबाद के लिए एक गौरव का क्षण बताते हुए सभी जिलेवासियों से भारी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

