home page

अदम्य साहस, स्वाभिमान और वीरता के प्रतीक थे महाराणा प्रताप : डॉ. महेंद्र सिंह

 | 
अदम्य साहस, स्वाभिमान और वीरता के प्रतीक थे महाराणा प्रताप : डॉ. महेंद्र सिंह


अदम्य साहस, स्वाभिमान और वीरता के प्रतीक थे महाराणा प्रताप : डॉ. महेंद्र सिंह


जौनपुर,09 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में शनिवार को राजपूत सेवा समिति के तत्वावधान में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर मेधावी प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईएएस, पीसीएस समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले मेधावियों और यूपी बोर्ड में जनपद टॉपर छात्राें को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ महेंद्र सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप अदम्य साहस, स्वाभिमान और वीरता के प्रतीक थे। उन्होंने घास की रोटी खाना स्वीकार किया, लेकिन मुगलों की अधीनता कभी स्वीकार नहीं की। उनका जीवन देशभक्ति और आत्मसम्मान की अमर मिसाल है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप के संघर्ष और त्याग से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ना चाहिए। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाले इस महान योद्धा को युगों-युगों तक याद किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। समारोह में पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभिषेक सिंह, विशाल सिंह, राजिता सिंह, हिमालय सिंह सहित कई मेधावियों और यूपी बोर्ड हाईस्कूल में जनपद में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र राजशेखर सिंह को सम्मान पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद डॉ. कृष्ण प्रताप सिंह, विधायक रमेश सिंह, पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सलमान शेख की टीम ने गणेश वंदना एवं महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव