home page

महाराजा अग्रसेन स्मृति न्यास की प्रथम बैठक में 51 ट्रस्टियों के बोर्ड का गठन

 | 
महाराजा अग्रसेन स्मृति न्यास की प्रथम बैठक में 51 ट्रस्टियों के बोर्ड का गठन


--200 आजीवन सदस्य जोड़ने का लक्ष्य

प्रयागराज, 01 मार्च (हि.स)। महाराजा अग्रसेन स्मृति न्यास, प्रयागराज की प्रथम बैठक रविवार को जीरो रोड स्थित एक होटल में सम्पन्न हुई। बैठक में कुल 51 ट्रस्टियों के निर्धारित बोर्ड का विधिवत गठन किया गया तथा न्यास की भावी योजनाओं, निर्माण कार्य एवं संगठन विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से समाज की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 200 आजीवन सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य सभी 51 ट्रस्टीयों को सौंपा गया। प्रत्येक ट्रस्टी अपने-अपने स्तर पर समाज के परिवारों से सम्पर्क कर उन्हें इस पुनीत कार्य से जोड़ेगा, जिससे यह अभियान व्यापक जनसहयोग का स्वरूप ले सकें।

इस अवसर पर प्रथम न्यासी मंडल (बोर्ड) के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। संरक्षक सदस्य के रूप में (सीए) आर.के. अग्रवाल, महादेव प्रसाद अग्रवाल, स्क्वाड्रन लीडर वी.के. मित्तल एवं डॉ. बी.बी. अग्रवाल को दायित्व सौंपा गया। अध्यक्ष पद पर पियूष रंजन अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश चन्द्र अग्रवाल, महामंत्री मनोज अग्रवाल, मंत्री पद पर आदेश गोयल तथा कोषाध्यक्ष के रूप में प्रमय मित्तल को जिम्मेदारी प्रदान की गई।

उपाध्यक्ष पद हेतु विपुल मित्तल, गौरव मोहन, अजय अग्रवाल, शशांक जैन एवं (सीए) अमित अग्रवाल को नियुक्त किया गया। सह मंत्री आशीष गोयल, अंकुर अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल एवं अभिषेक मित्तल को जिम्मेदारी दी गई। संयुक्त कोषाध्यक्ष के रूप में (सीए) मनोज अग्रवाल एवं सुमित अग्रवाल को मनोनीत किया गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित कर निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा। प्रस्तावित परिसर में दो विशाल सभागार, लगभग 60 सुसज्जित कक्ष, पार्किंग व्यवस्था, भोजनालय, बहुउद्देशीय कक्ष, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त संरचना विकसित की जाएगी। साथ ही महाराजा अग्रसेन एवं माता लक्ष्मी का भव्य मंदिर भी स्थापित किया जाएगा, जो समाज की आस्था, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों का केंद्र बनेगा।

न्यास के अध्यक्ष पियूष रंजन अग्रवाल ने कहा, “महाराजा अग्रसेन स्मृति न्यास केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता और सेवा भावना का प्रतीक है। हम सभी के सहयोग से यह परियोजना शीघ्र ही साकार होगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी।”

मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा, “आज की यह प्रथम बैठक समाज के लिए एक मजबूत नींव साबित होगी। 51 ट्रस्टियों का यह संकल्प और 200 आजीवन सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य निश्चित रूप से इस अभियान को नई गति और ऊर्जा प्रदान करेगा।”

बैठक में उपस्थित सभी ट्रस्टियों ने एकमत से विश्वास व्यक्त किया कि महाराजा अग्रसेन स्मृति न्यास, प्रयागराज की यह पहल समाज की एकता, सेवा भावना और सांस्कृतिक गौरव को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी तथा यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी धरोहर सिद्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र