मछलीशहर तहसील में भ्रष्टाचार के आरोप, अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से की शिकायत
जौनपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मछलीशहर तहसील में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र से शिकायत दर्ज कराई।अधिवक्ताओं ने तहसीलदार रवि रंजन कश्यप और नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि दोनों अधिकारी बिना धन लिए कोई भी कार्य नहीं करते और फाइलों को महीनों तक लंबित रखा जाता है। शिकायत के अनुसार कई पत्रावलियां छह से आठ महीने तक आदेश के लिए पड़ी रहती हैं, जबकि मामूली कार्यों में भी मोलभाव किया जाता है।अधिवक्ताओं ने यह भी बताया कि अधिकारी नियमित रूप से जनता दर्शन में उपस्थित नहीं होते और न ही प्रार्थना पत्रों पर समय से कार्रवाई करते हैं। इसका सीधा असर छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है, क्योंकि आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों पर आख्या लंबित रहने से कई विद्यार्थियों की अंतिम तिथि निकल चुकी है।शिकायत में यह कहा गया है कि न्यायालयों में निजी मुंशी कार्य कर रहे हैं, जो शासनादेश के विपरीत है। साथ ही, अधिवक्ताओं की मेज-कुर्सियों को बिना सूचना हटाकर क्षतिग्रस्त करने और सार्वजनिक शौचालय पर ताला लगाने का भी आरोप लगाया गया है।अधिवक्ता संघ ने मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का हवाला देते हुए जिलाधिकारी से दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण और निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि प्रशासन की छवि बनी रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

