home page

55 हजार गोलगप्पों के भोग से हुई मां पीताम्बरा की आराधना

 | 
55 हजार गोलगप्पों के भोग से हुई मां पीताम्बरा की आराधना


कानपुर, 22 जून (हि.स.)। मां पीताम्बरा जयंती के अवसर पर संगीत टॉकीज चौराहा क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। सोमवार को मां पीताम्बरा भक्त मंडल की ओर से आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा 55 हजार गोलगप्पों का विशेष भोग लगाकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूजन-अर्चन के बाद विशेष भोग अर्पित किया गया, जिसे प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। मां पीताम्बरा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में डूबे रहे और सामूहिक रूप से पूजा-पाठ में शामिल हुए।

मां पीताम्बरा भक्त मंडल के संयोजक अधिवक्ता अनिल अवस्थी ने बताया कि मंडल की ओर से यह आयोजन लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग और श्रद्धालुओं की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। साथ ही भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों को और भव्य रूप से आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में सानू गुप्ता, विकास गुप्ता, विक्की जायसवाल, विनोद गुप्ता, राजेश गुप्ता, संजू गुप्ता, प्रदीप वर्मा और महेश मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से संगीत टॉकीज चौराहे का नाम बदलकर “मां पीताम्बरा चौक” किए जाने की मांग भी उठाई।

कार्यक्रम में पार्षद अंकित मिश्रा, पार्षद विवेक शर्मा, पार्षद आकृष्ट बाजपेयी, पार्षद लियाकत अली समेत क्षेत्र के क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप