वाहन चलाते समय जरूर पहने हेलमेट : डीसीपी यातायात
लखनऊ में वाहन चालकों को जागरूक करने को लगाया गया सड़क सुरक्षा और हेलमेट जागरूकता शिविर
लखनऊ, 16 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को सड़क सुरक्षा और हेलमेट जागरूकता शिविर का आयोजन 1090 चौराहे पर किया गया। यह कार्यक्रम मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से आयोजित किया गया था।
पुलिस उपायुक्त यातायात रवीना त्यागी ने सड़क सुरक्षा और हेलमेट जागरूकता शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों को हेलमेट भेंट करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। उन्हें बताया गया कि हेलमेट सुरक्षित ड्राइविंग को बढ़ावा देता है। इस दौरान सैकड़ों वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते हुए हेलमेट और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने की सीख दी गई।
डीसीपी यातायात रवीना त्यागी ने कार्यक्रम को लेकर बताया कि यातायात और मैक्स हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में 1090 चौराहे पर हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा हेलमेट पहनकर सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करना है।
जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ अस्पताल के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

