बकरीद को लेकर लखनऊ शहर कई जोन में बंटा, फोर्स तैनात
लखनऊ, 27 मई (हि.स.)। ईद उल अजहा (बकरीद) को लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
सयुंक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था बबलू कुमार ने बुधवार को बताया कि इस वर्ष ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार चन्द्र दर्शन के अनुसार 28 मई को मनाया जाएगा। इस अवसर पर जोन पश्चिमी में सुन्नी समुदाय के लोग विशेष रुप से टीले वाली मस्जिद पर सुबह नौ बजे और ऐशबाग स्थित ईदगाह पर 10 बजे नमाज अता की जाती है। वहीं, शिया समुदाय के लोग 11:00 बजे से आशिफी मस्जिद बड़ा इमामबाड़ा में नमाज अता करेंगे।
इसके मद्देनजर ईदगाह ऐशबाग थाना क्षेत्र बाजारखाला पर की जाने वाली सम्पूर्ण पुलिस व्यवस्था को जोन-जोन एवं 05 सेक्टरों में बांटा गया है। वहीं, त्योहार को शान्तिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए पश्चिमी लखनऊ में व्यापक पुलिस प्रबन्ध किया है।
जेसीपी ने बताया कि इस दौरान छह अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी), 14 सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) 42 निरीक्षक, 449 उप-निरीक्षक, 635 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी को लगाया गया है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए सादे वस्त्रों में महिला पुलिस कर्मी एवं एण्टी रोमियो स्क्वायड की डियूटी लागायी जायेगी जो लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सतर्क दृष्टि बनाये रखेंगे।
लखनऊ की यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एक अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी), तीन सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), 08 निरीक्षक, 33 उप-निरीक्षक, 54 होमगार्ड, 102 मुख्य आरक्षी/आरक्षी की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 06 कंपनी पीएसी, वायरलेस यूनिट, इंटेलिजेंस (एलआईयू) की टीमें लगाई गई है।
जेसीपी ने बताया कि नमाज के दौरान जनता के आने-जाने वाले मुख्य मार्गों एवं महत्वपूर्ण स्थानों (टीले वाली मस्जिद, चौक बड़ा इमामबाड़ा आसिफी मस्जिद चौक, ऐशबाग ईदगाह) व चौराहों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। भ्रामक खबरों की रोकथाम के लिए नियंत्रण सोशल मीडिया के माध्यम से 24 घण्टे सर्तकता रखी जा रही है। इसके अलावा आयोजन स्थल तक के मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।
लखनऊ पुलिस ने शहरवासियों से यह अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और पुलिस द्वारा समय-समय पर जारी किए गए यातायात डायवर्जन का पालन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

