लखनऊ के विकास नगर झुग्गी झोपड़ियों में लगी आग में दाे सगी बहनों की जलकर मौत, रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान
लखनऊ, 16 अप्रैल (हि.स.)। लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार देर शाम झुग्गी झोपड़ियां में लगी भीषण आग में दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई है। इन दाेनाें के शव बरामद हाे गए है। अभी चार बच्चे लापता बताए जा रहे हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ दमकल की टीमें राहत कार्य में लगी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को इस अग्निकांड के पीड़ित परिवारों को पुनर्विविस्थापित करने के निर्देश दिए हैं। लखनऊ के सांसद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जिलाधिकारी से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है।
लखनऊ के पॉश इलाके विकासनगर रिंग रोड किनारे अवैध बस्ती में बड़ी संख्या में झुग्गी झोपड़ियां बसी हैं। बुधवार शाम यहां की झाेपड़ियाें में भीषण आग लग गई थी। आग की चपेट में गैस सिलेंडरों के धमाकों से आग और भड़क गई। इस भीषण आग में पूरी बस्ती स्वाहा हो गई। इस आग को काबू करने के लिए दमकल की कई गाड़ियों काे 8 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव कार्य में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें गुरुवार को भी जुटी हुई है। राहत कार्य के दौरान करीब 6 बच्चों के लापता होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस और राहत कार्य में जुटी टीमों उनका पता लगाना शुरू किया तो दो बच्चों के शव मिले।
डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा ने बताया कि बस्ती में लगी आग में दो सगी बच्चियों श्रेया (2)और स्वाति (2 माह) की मौत हो गई है। उनके पिता और परिजनों ने पहचान कर ली है। शवों को पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्रवाई की जा रही है। राहत कार्य अभी भी जारी है। राहत कार्य पूरा होने के बाद आग से होने पूरी क्षति की जानकारी और स्थिति साफ हो सकेगी। आग लगने में किसी की साजिश की आशंका को देखते हुए जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री याेगी और क्षेत्रीय सांसद राजनाथ ने ली घटना की जानकारी
लखनऊ के विकास नगर इलाके में लगी बस्ती में लगी आग की जानकारी मिलते ही लखनऊ सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संज्ञान लिया। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर से घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों को जल्द राहत दिलाते हुए पुनर्वास कराए जाने की बात कही। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण अग्निकांड की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को मौके पर भेजा है। उन्होंने आधिकारियों को इस आग लगने के कारणों की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। साथ ही प्रभावित लोगों को पुनर्विस्थापित करते हुए उनके खान-पान एवं अन्य सामग्री की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम अय्यर ने बताया कि बस्ती में लगी आग की घटना में राहत व पुनर्वास की व्यवस्था तेजी से कराए जा रही है। प्रभावित लोगों को रैन बसेरों में फिलहाल शिफ्ट करते हुए हर संभव राहत, खानपान आदि की व्यवस्था की जा रही है। जिला प्रशासन की टीमें जल्द ही आग से हुए नुकसान आदि का आकलन कर राहत राशि प्रभावितों को उपलब्ध कराते हुए कार्रवाई पूरी की जाएगी। आग के बाद से यहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

