लखनऊ में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल का बढ़ाएं मान, पॉलिथीन मुक्त स्वच्छ आयोजन करें : संदीप बंसल
लखनऊ, 30 अप्रैल (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, लघु उद्योग भारती लोक, भारती संस्कार भारती एवं मंगलमान अभियान की ओर से राजधानी लखनऊ की जनता से 2 मई से प्रारंभ हो रहे ज्येष्ठ माह के सभी बड़े मंगलों को प्रदूषण मुक्त, पर्यावरण युक्त, हरित भंडारे लगाने का आवाहन किया गया।
इस संबंध में गुरुवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि लखनऊ का सौभाग्य है कि यहां पर सैकड़ों वर्षों से मंगल को मान देने की परंपरा चली आ रही है। इस बार लखनऊ में ज्येष्ठ माह के आठ बड़े मंगल होंगे और इन बड़े मंगलों को संपूर्ण देश भर की मीडिया देखने आएगी। विश्व के भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के मीडिया जगत में लखनऊ के बड़े मंगल की चर्चा है। इसलिए समस्त भंडारा आयोजनों से आग्रह है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष लगने वाले भंडारे स्वच्छता पूर्ण हो, हर भंडारे का पंजीकरण हो, इसकी सूचना जिला प्रशासन तक हो, ताकि जिला प्रशासन और मंगलमान अभियान भंडारे में आपका सहयोग कर सके।
इस बार के भंडारों में भाव सेवा और समर्पण का हो भंडारा लेने वाले भी और बांटने वाले भी यह ध्यान रखें कि यह प्रसाद रूपी भंडारा दिया जा रहा है। इसलिए कहीं पर भी उस प्रसाद का अनादर न हो, सड़कों पर गंदगी न पड़ी हो, यह भी जिम्मेदारी भंडारा आयोजन की होगी। जब वह भंडारे के लिए सूची बनाएं तो विशेष रूप से कई ड्रम कूड़े दान की भी तैयार रखें और वितरण करने वाले निरंतर भंडारा लेने वालों से आग्रह करते रहें कि एक भी दोना-पत्तल सड़क पर न फेंका जाए । किसी भी प्रकार के पॉलिथीन या प्लास्टिक का उपयोग न किया जाए।
इस विषय पर अपील करने वाले प्रमुख पदाधिकारियाें में स्वदेशी जागरण मंच के पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के संयोजक अनुपम श्रीवास्तव, लघु उद्योग भारती की प्रांत उपाध्यक्ष रिता मित्तल, मंगलमान अभियान के संयोजक डॉ. रामकुमार तिवारी, लोक भारती के उमेश गुप्ता, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, महामंत्री अनुज गौतम, युवा महामंत्री शुभम मौर्य, सोशल मीडिया प्रभारी संजय निधि अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

