राजधानी के चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
लखनऊ, 21 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजधानी लखनऊ के सरकारी व निजी चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
एसजीपीजीआई, केजीएमयू, लोहिया संस्थान, बलरामपुर चिकित्सालय व सिविल अस्पताल के चिकित्सकों ने आयुष मंत्रालय की ओर से जारी योग प्रोटोकाल का पालन करते हुए योग किया। मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ द्वारा आयोजित द पावर योगा कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री ने लोगों को स्वस्थ शरीर, शांत मन एवं जाग्रत आत्म चेतना के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
एसजीपीजीआई के निदेशक प्रोफेसर आर.के. धीमान के साथ चिकित्सकों ने योग किया। वहीं केजीएमयू की कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने भी चिविवि के चिकित्सकों के साथ योगाभ्यास किया। वहीं डाॅ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान के अकादमिक ब्लाक स्थित आडिटोरियम में योग का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर एमबीबीएस के छात्रों, संकाय सदस्य, रेजीडेंट डाॅक्टर एवं नान टीचिंग स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी की। योग सत्र का संचालन योगाचार्य डाॅ. ओम नारायण अवस्थी एवं योग प्रशिक्षक मोनिका ने किया। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर सी.एम. सिंह ने कहा कि नियमित योग अभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार, तनाव में कमी, मानसिक एकाग्रता में वद्धि तथा समग्र स्वास्थ्य संतुलन का बढ़ावा मिलता है।
योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर
हजरतगंज स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय, लखनऊ में निदेशक डॉ. जी. पी. गुप्ता के नेतृत्व में भव्य-योग कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. हरि दास अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य, संयम और जीवन-शैली सुधार का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में योग जैसे कार्यक्रम न केवल कर्मचारियों में मानसिक शांति, एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि रोगियों के प्रति सेवा-भाव और सकारात्मक दृष्टिकोण को भी मजबूत करते हैं।
योगाभ्यास योगगुरु डॉ. पी के मिश्रा गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार एवं चिकित्सालय के आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ. राजेश्वर राव (पी एच डी योगा) एवं टीम द्वारा कराया गया। कार्यक्रम के पूर्व प्रधानमंत्री के योग कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सालय के चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, नर्सेज , पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योगाभ्यास के उपरांत निदेशक डाॅ. जी. पी. गुप्ता ने सभी को यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ तन, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। इसके अलावा बलरामपुर चिकित्सालय, लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय, वीरांगना लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय व महानगर स्थित भाऊराव देवरस अस्पताल में भी योगाभ्यास के कार्यक्रम हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

