नवरात्रि से पहले 101 लोगों को मिले खोए मोबाइल, 27.88 लाख के फोन बरामद
कानपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रि की पूर्व संध्या पर कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 101 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस कर बड़ी राहत दी। दक्षिण जोन सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की सीईआईआर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 27 लाख 88 हजार रुपये कीमत के मोबाइल फोन बरामद किए। लंबे समय बाद अपने फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने शनिवार बताया कि दक्षिण जोन सर्विलांस टीम और सभी थानों में तैनात सीईआईआर पोर्टल टीम ने समन्वय बनाकर यह कार्रवाई की। टीम ने सीईआईआर पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर गुमशुदा मोबाइल फोन का पता लगाया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों से कुल 101 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 27 लाख 88 हजार रुपये है।
बरामद मोबाइल फोन कानपुर नगर के अलावा अन्य जनपदों और राज्यों से संबंधित थे। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर इन मोबाइलों को खोजा और उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान करने के बाद सभी 101 फोन उन्हें सुपुर्द कर दिए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई। नवरात्रि से ठीक पहले फोन मिलने से उनके लिए यह खुशी का अवसर बन गया। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनके जरूरी संपर्क और अन्य जानकारियां भी वापस मिल सकीं।
इस पूरी कार्रवाई में दक्षिण जोन सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की सीईआईआर टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस के इस प्रयास से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

