home page

भाजपा इवेंट वाली सरकार, जनता की नहीं : लोकदल

 | 
भाजपा इवेंट वाली सरकार, जनता की नहीं : लोकदल


लखनऊ, 21 मई (हि.स.)। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह ने गुरुवार को जारी अपने बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में काम कम और तमाशा ज्यादा दिखाई देता है। जनता बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान है, लेकिन सरकार केवल बड़े-बड़े दावे, विज्ञापन और प्रचार में व्यस्त है।

पूरे प्रदेश में पिछले कई दिनों से लगातार बिजली की आंख-मिचौली ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है। कभी बिजली आती है, कभी चली जाती है, जिससे घरों में पानी की समस्या, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि शिकायत के बावजूद कोई अधिकारी फोन उठाने तक को तैयार नहीं है।

जब उपभोक्ता समय पर बिजली बिल जमा कर रहा है, तब उसे स्थिर और सुचारु बिजली आपूर्ति क्यों नहीं मिल पा रही है? आखिर जनता समय पर भुगतान करे और बदले में अंधेरा, परेशानी तथा अधिकारियों की लापरवाही झेले - क्या यही सुशासन है?

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की प्रेस विज्ञप्तियां पढ़कर अब जनता को हंसी आती है, क्योंकि जमीन पर हालात दावों के बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रहे हैं। सरकार को यह बताना चाहिए कि आखिर जनता को कब तक केवल भाषण, विज्ञापन और इवेंट के सहारे बहलाया जाएगा?

भाजपा सरकार को इवेंट और प्रचार की राजनीति छोड़कर जनता की मूल समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। जनता अब केवल भाषण नहीं, बल्कि बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं का समाधान चाहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा