home page

डॉ. राम मनोहर लोहिया का जीवन संघर्ष और सामाजिक न्याय का प्रतीक : अमिताभ बाजपेयी

 | 
डॉ. राम मनोहर लोहिया का जीवन संघर्ष और सामाजिक न्याय का प्रतीक : अमिताभ बाजपेयी


कानपुर, 23 मार्च (हि.स.)। डॉ. राम मनोहर लोहिया का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण है, जिनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं। यह बातें सोमवार को आर्यनगर विधानसभा के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती के अवसर पर फूलबाग स्थित लोहिया स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कही।

डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक अमिताभ बाजपेयी ने लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों को वर्तमान समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि लोहिया ने हमेशा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज उठाई और समानता पर आधारित समाज की स्थापना के लिए संघर्ष किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्मारक समिति के अध्यक्ष अंबर त्रिवेदी ने ताे संचालन अनुराग वर्मा ने किया। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने लोहिया के जीवन और उनके सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें आधुनिक भारत के महान चिंतक के रूप में याद किया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने लोहिया के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में लोहिया को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप