home page

उद्योग लगाने काे मिलेगा 10 लाख तक का ऋण : जिला ग्रामोद्योग अधिकारी

 | 

देवरिया, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी वीरेन्द्र प्रसाद ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना संचालित की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद देवरिया के लिए 12 इकाइयों के बैंक वित्तपोषण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 मई तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://mmgrykhadi.upsdc.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस योजना के अंतर्गत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के ग्रामीण क्षेत्र के व्यक्ति अधिकतम 10 लाख रुपये तक के उत्पादन एवं सेवा आधारित उद्योग स्थापित कर सकते हैं। आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, ग्राम प्रधान द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र (जनसंख्या सहित), प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा कार्यस्थल का नक्शा (चौहद्दी सहित) अपलोड करना होगा।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) योजना के अंतर्गत सजावटी बल्ब निर्माण, झालर, झूमर, मेजपोश, गेट पर्दा सहित अन्य उद्योगों में कार्य करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा अन्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं एवं परम्परागत कारीगरों को भी वरीयता मिलेगी।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत सामान्य वर्ग के पुरुष लाभार्थियों को पूंजीगत मद में केवल 4 प्रतिशत ब्याज वहन करना होगा, जबकि शेष ब्याज शासन द्वारा वहन किया जाएगा। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला, भूतपूर्व सैनिक एवं दिव्यांग लाभार्थियों के लिए इकाई के संचालन की स्थिति में पूरी ब्याज राशि शासन द्वारा वहन की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक