home page

कानपुर में कंटेनर से टकराकर लोडर में लगी आग, परिचालक की जिंदा जलकर मौत

 | 
कानपुर में कंटेनर से टकराकर लोडर में लगी आग, परिचालक की जिंदा जलकर मौत


कानपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में अरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार को तेज रफ्तार लोडर सड़क किनारे कंटेनर से टकरा गया। लोडर में भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान चालक ने कूदकर जान बचा ली, जबकि खिड़की न खुलने से परिचालक अंदर फंस गया। आग में जलकर उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाई और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल में जुट गई है।

फिरोजाबाद के नगला खंगर निवासी श्याम यादव लोडर चलाते हैं। वह परिचालक सत्यभान (29) के साथ कानपुर से 10 इलेक्ट्रिक बाइक लादकर फर्रुखाबाद जा रहे थे। आज लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर चालक को झपकी आ गई। इससे लोडर आगे चल रहे कंटेनर में टकरा गया।

टक्कर लगते ही लोडर में आग लग गई। चालक श्याम यादव ने किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली लेकिन परिचालक सत्यभान बाहर नहीं निकल सका। उसकी तरफ की खिड़की नहीं खुलने के कारण वह लोडर के अंदर ही फंसा रह गया। आग तेजी से फैलने से उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। कुछ ही देर में आग ने पूरे लोडर को अपनी चपेट में ले लिया। उसमें लदी इलेक्ट्रिक बाइक भी जल गईं।

हादसे की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की और परिचालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने से हादसा होने की बात सामने आई है।

अरौल थाना प्रभारी विनय कुमार तिवारी ने बताया कि कंटेनर से टकराने के बाद लोडर में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल की मदद से आग बुझाई गई। हादसे में परिचालक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप