मेडिकल कॉलेज : 700 आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर, अर्थी निकालकर किया प्रदर्शन
निगम में समायोजन की मांग
झांसी, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में ग्लोबल सर्विस प्रोवाइडर के माध्यम से तैनात करीब 700 आउटसोर्स कर्मचारी गुरुवार को विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों ने काम बंद कर प्रदर्शन किया और अर्थी निकालकर विरोध जताया। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने ग्लोबल कंपनी पर भेदभाव करने और कम वेतन देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वे लंबे समय से मेडिकल कॉलेज में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें निगम में समायोजित नहीं किया जा रहा है।
कर्मचारियों के मुताबिक मेडिकल कॉलेज में दो सर्विस प्रोवाइडर के माध्यम से कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें से एक सर्विस प्रोवाइडर के कर्मचारियों को निगम में शामिल किया जा रहा है, जबकि ग्लोबल के अधीन कार्यरत कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
कर्मचारियों ने सभी आउटसोर्स कर्मियों को निगम में समायोजित करने, नियमित अथवा स्थायी करने, न्यूनतम वेतन के अनुसार भुगतान, समय पर वेतन, ईएसआई और पीएफ की सुविधा देने तथा पुरानी सेवा को निरंतर सेवा मानने की मांग की। कोविड काल में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता देने और शोषण-उत्पीड़न रोकने की मांग भी उठाई गई।
प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुना जा रहा है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से वार्ता की जा रही है। निगम में समायोजन सहित अन्य मांगों पर संबंधित नियमों और शासन के प्रावधानों के अनुसार विचार किया जाएगा। प्रशासन ने कर्मचारियों से बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की कोशिश की है, ताकि मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
इसी दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य भी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रशासन के समक्ष कर्मचारियों की मांगें रखीं। फिलहाल सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा और कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता जारी है। कर्मचारियों ने मांगों पर ठोस निर्णय होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कही है।
विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को लगाया फोन
मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों की हड़ताल से बिगड़ी सफाई व्यवस्था की जानकारी मिलने पर नगर विधायक रवि शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से फोन पर बात की। उन्होंने मंत्री को कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद से कर्मचारी आक्रोशित हैं। उनकी प्रमुख मांग निगम में शामिल किए जाने की है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने का आग्रह किया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

