home page

महापुरुषों का जीवन नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा की देता है प्रेरणा : सुरेंद्र मैथानी

 | 
महापुरुषों का जीवन नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा की देता है प्रेरणा : सुरेंद्र मैथानी


कानपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य का जीवन राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की सीख देता है। उनके संघर्ष और योगदान से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियां समझनी चाहिए। महापुरुषों की प्रतिमाएं बच्चों और युवाओं में अपने इतिहास को जानने की रुचि पैदा करती हैं। यह बातें रविवार को गोविंद नगर भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मसवानपुर स्थित मामा तालाब पर सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य की प्रतिमा के अनावरण के दौरान कहीं।

विधायक मैथानी ने मामा तालाब परिसर में स्थापित प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने बताया कि प्रतिमा के निर्माण और स्थापना पर करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसका उद्देश्य क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के साथ लोगों को देश के गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना है।

उन्होंने कहा कि सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य ने भारत को एकजुट कर सशक्त राष्ट्र की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के हित में काम करने का संकल्प लेना चाहिए। महापुरुषों के बारे में पढ़ने से जीवन को सही दिशा मिलती है और अपने इतिहास को समझने का अवसर मिलता है। प्रतिमा को देखकर बच्चों और आने वाली पीढ़ियों में भी अपने पूर्वजों के योगदान को जानने और उन पर गर्व करने की भावना विकसित होगी।

विधायक ने बताया कि मामा तालाब क्षेत्र को सुंदर और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके और वे इस ऐतिहासिक स्थल से जुड़ाव महसूस कर सकें।

कार्यक्रम में कुशवाहा समाज के संस्थापक शशिकांत कुशवाहा, अध्यक्ष राजनाथ कुशवाहा, कोषाध्यक्ष दिनेश सिंह कुशवाहा, महामंत्री हरे राम वर्मा, मनोज कुमार कुशवाहा, सर्वेश कुशवाहा, प्रेम कुमार मौर्य, प्रभुनाथ कुशवाहा, रामलखन कुशवाहा, राकेश कुशवाहा, अयोध्या कुशवाहा, रामेंद्र कुशवाहा, बीरपाल कुशवाहा, अमरेंद्र कुशवाहा, विक्रम कुशवाहा, मोहन सिंह कुशवाहा, सुरेश कुशवाहा, मनसा मौर्य, सौम्या कुशवाहा और शुभी कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप