home page

लाइनमैन की करंट से मौत, जेई और एसएसओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 | 

बांदा, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बदौसा पावर हाउस क्षेत्र में संविदा लाइनमैन दिलीप कुमार वर्मा (40) की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जेई और एसएसओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं विभागीय अधिकारियों ने फीडर बदलकर खंभे पर चढ़ने के दौरान हादसा होने की बात कही है।

उपखंड अधिकारी अतर्रा मिथलेश कुमार सिंह के अनुसार, दिलीप ने शनिवार को रात करीब 9 से 10 बजे के बीच फतेहगंज फीडर का शटडाउन लिया था। इसी दौरान वह गलती से बदौसा फीडर के खंभे पर चढ़ गए और करंट की चपेट में आकर नीचे गिर पड़े। विभागीय कर्मचारी उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसएसओ संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शाम करीब 9 बजे दिलीप पावर हाउस आया था। उसने फतेहगंज फीडर का शटडाउन लिया और लाइन पर काम करने चला गया। उनके अनुसार, दिलीप गलती से फतेहगंज की जगह बदौसा फीडर के खंभे पर चढ़ गया, जिससे दुर्घटना हो गई।

थानाध्यक्ष बदौसा आनंद कुमार साहू ने बताया कि मृतक के पिता रामकिशोर वर्मा की तहरीर पर जूनियर इंजीनियर विजय बहादुर और एसएसओ संतोष कुमार त्रिपाठी के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को चलती लाइन में जबरन चढ़ाया गया था। उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार ने मेडिकल कॉलेज से शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह