शहीद कारसेवकाें की याद में विहिप और बजरंग दल ने यमुना के राजा घाट पर किया दीपदान
इतिहास के काले अध्यायों को किया गया याद
मथुरा, 02 नवम्बर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल मथुरा महानगर द्वारा 2 नवंबर 1990 को अयोध्या धाम में तत्कालीन सरकार के आदेश पर निहत्थे कारसेवकों व साधु-संतों पर हुई बर्बरतापूर्ण गोलीबारी में बलिदान देने वाली हुतात्माओं (शहीदों) की स्मृति में सोमवार शाम को यमुना मैया के राजा घाट पर भव्य दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने राम जन्मभूमि आंदोलन के अपने पुराने संस्मरणों को साझा करते हुए उस दौर की परिस्थितियों और कारसेवकों पर ढहाए गए जुल्मों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि अयोध्या में राम नाम संकीर्तन कर रहे निहत्थे रामभक्तों पर चलाई गई गोलियों के उस बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता। इसी महान बलिदान के परिणामस्वरूप आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हो सका है।
श्रद्धांजलि और दीपदान के इस कार्यक्रम में कई गणमान्य और वरिष्ठ हिंदुत्ववादी नेता उपस्थित रहे। इस दौरान प्रमुख रूप से वरिष्ठ हिंदुत्ववादी आचार्य बृजेंद्र नागर सोहन लाल शर्मा ‘कातिब’, विजय बहादुर सिंह, महानगर अध्यक्ष गोकुलेश गौतम एडवोकेट, महानगर मंत्री नितिन चौधरी, सह संयोजक शशांक गौर, रामदास चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने दीप जलाकर अमर शहीदों को नमन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

