home page

मरणोपरांत स्व.पद्मश्री डॉ बी के जैन लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित

 | 
मरणोपरांत स्व.पद्मश्री डॉ बी के जैन लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित


-दुनिया से अलविदा के बाद भी विश्व में विंध्य का नाम किया रोशन-डा0 ईलेश जैन

-डा0जैन को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिलने से चित्रकूट में खुशी की लहर

चित्रकूट, 13 जुलाई (हि.स.)। परमहंस संत रणछोड़ दास जी महाराज द्वारा स्थापित विश्व ख्यातिलब्ध सदगुरू नेत्र चिकित्सालय जानकी कुण्ड के ट्रस्टी एवं निदेशक रहे स्व.पद्मश्री डॉ बी के जैन को वीजन-2020 द राइट टू साइट इंडिया द्वारा शंकरा आई हॉस्पिटल बैगलोर में लाइफ टाइम अचीवमेट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में दृष्टिहीनता की रोकथाम और नेत्रदान के महत्त्व पर प्रकाश डालना था, इस कार्यक्रम में देश विदेश की लगभग 180 अधिकारी और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

यह अवॉर्ड स्व. पद्मश्री डॉ जैन को उनकी नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में देश में नहीं अपितु विश्व में अपनी और श्री सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय की जो अलग पहचान बनाई है और साथ ही उन्होंने जो नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में पांच दशकों से ऊपर अथक परिश्रम करके जो नाम कमाया है उसके लिए उन्हें इस अवॉर्ड से नवाजा गया है। स्व. डॉ जैन के न रहने पर यह अवॉर्ड उनके सुपुत्र एवं सदगुरू नेत्र चिकित्सालय के निदेशक एवं ट्रस्टी डॉ0 इलेश जैन को दिया गया।

आपको बता दे कि डॉ जैन ने 27 फरवरी 2026 को दुनिया को अलविदा कह दिया था, उनके जीवन काल में उन्हें पद्मश्री से लेकर सैकड़ों पुरस्कारों से देश विदेश में सम्मानित किया गया है। उनके दुनिया को अलविदा कहने के बाद भी आज उनको इस लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया है ,अर्थात जो उन्होंने विश्व पटल पर समूचे विंध्य का नाम रोशन किया वह समस्त विंध्यवासियों के साथ साथ समस्त चित्रकूट क्षेत्रवासियों के लिए एवं समस्त सद्गुरु परिवार के सदस्यों के लिए बड़े ही हर्ष एवं गर्व की बात है। वहीं निदेषक डॉ इलेश जैन ने साेमवार काे बड़े ही भावुक मन से बातचीत के दौरान बताया कि उनके न रहने के बाद आज उन्हें इतने बड़े अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है जो बहुत ही भावुक पल है। उन्होंने बताया कि जब यह अवॉर्ड दिया गया। उस समय कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों की आँखें नम थी, और वहां मौजूद सभी लोगों ने स्व. पद्मश्री डॉ बी के जैन साहब को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित किया। उन्होंने बताया कि अब हर वर्ष वीजन 2020 में स्व. डॉ जैन के नाम अवार्ड से भी लोगों को सम्मानित किया जाएगा। जिसका नाम होगा पद्मश्री डॉ बी के जैन मेमोरियल अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन कम्युनिटी आई फेयर। (पद्मश्री डॉ बी के जैन स्मृति सामुदायिक नेत्र सेवा उत्कृष्टता पुरस्कार) यह अवॉर्ड उन लोगों को मिलेगा जो ग्रामीण अंचल में ,गरीब असहाय,वंचित समुदायों तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र सेवा पहचाने में असाधारण नेतृत्व ,नवाचार और समर्पण का परिचय देगा। अंत में उन्होंने कहा कि स्व. डॉ जैन पुरस्कारों से सफलता का आकलन नहीं करते थे उनके लिए वास्तविक सफलता मरीजों की मुस्कान से थी। उन्होंने यह अवार्ड सभी नेत्र रोगियों एवं सभी देश विंध्य वासियों एवं सदगुरु परिवार के एक एक सदस्य को समर्पित किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल