जौनपुर जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी की मौत
जौनपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जौनपुर जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे करीब 65 वर्षीय कैदी की सोमवार देर रात जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान आजमगढ़ जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के चकवारा गांव निवासी जैनू यादव के रूप में हुई है।इस मामले में मंगलवार को जानकारी लेने पर जेल अधीक्षक पवन द्विवेदी ने बताया कि जैनू यादव को हत्या के एक मामले में आजमगढ़ के जिला एवं सत्र न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वह वर्ष 2008 से जेल में निरुद्ध था। कुछ माह पूर्व उसे आजमगढ़ जिला कारागार से जौनपुर जिला कारागार स्थानांतरित किया गया था।सोमवार को जेल में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में शाम करीब सात बजे उसका उपचार शुरू किया गया, लेकिन रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।कैदी की मौत की सूचना मिलने पर कारागार पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। मंगलवार सुबह परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

