home page

भोले शंकर की कथा सत्य के साधकों के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं है : मनोज सिन्हा

 | 
भोले शंकर की कथा सत्य के साधकों के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं है : मनोज सिन्हा


रायबरेली, 16 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद के ऊंचाहार क्षेत्र में आयोजित श्री शिवमहापुराण कथा का श्रवण करने के लिए बुधवार काे जम्मू व कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पहुंचे। इस अवसर पर उन्हाेंने कहा कि भोले शंकर की कथा सत्य के प्यासे साधकों के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं है, भोले शंकर हमारे तारणहार हैं।

श्री शिवमहापुराण कथा में उन्होंने आध्यात्मिक व्याख्या करते हुए कहा कि जैसे अग्नि में तपने पर सोना निखरता है, वैसे ही सत्संग मनुष्य के प्राणों और आध्यात्मिक ऊर्जा को पुनर्जीवित व परिष्कृत करता है। अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि अनादि काल से सनातन संस्कृति ने वैश्विक कल्याण, सर्वसमावेशी विकास और समरसता पर ही बल दिया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इसी प्राचीन दर्शन और मानवीय मूल्यों को वैश्विक धरातल पर साकार करने में जुटा हुआ है। पिछले सप्ताह दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स देशों के सम्मेलन और अंतरराष्ट्रीय बैठकों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया के अत्यंत ताकतवर नेताओं की उपस्थिति इस बात का जीवंत प्रतीक थी कि आज एक विशाल परिवार की सोच हमारी ही सनातन संस्कृति की महान देन है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि आज दुनिया के लगभग हर घर में सत्संग, योग और ध्यान लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बनते जा रहे हैं, जो अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। एक लंबे संघर्ष के बाद आज भारत पुनः विश्व का मार्गदर्शन करने की स्थिति में अग्रसर है।

उन्होंने आयोजन के लिए कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस भव्य आयोजन ने पूरे जनमानस में एक नई ऊर्जा और सकारात्मक चेतना का संचार किया है। इसके पहले उपराज्यपाल का सम्मान आयोजक कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे द्वारा किया गया व उपराज्यपाल ने कथाव्यास पंडित प्रदीप मिश्रा का आशीर्वाद लिया।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे