प्रदेश में निवेश वाली तीन औद्योगिक इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी
लखनऊ, 01 सितंबर (हि.स.)। राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई), विदेशी पूंजी निवेश तथा फॉच्र्यून ग्लोबल-500 एवं फॉच्र्यून इंडिया-500 कंपनियों के निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट (एफडीआई), विदेशी पूंजी निवेश, फॉच्र्यून ग्लोबल-500 एवं फॉच्र्यून इंडिया-500 निवेश प्रोत्साहन नीति-2023’ के अंतर्गत तीन औद्योगिक इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट (एल.ओ.सी.) जारी किए जाने का निर्णय लिया गया है। इन परियोजनाओं में कुल 2,606.04 करोड़ का प्रस्तावित निवेश शामिल है।
इस सम्बन्ध में औद्योगिक विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार मेसर्स एग्रिस्टो मासा प्रा.लि., मेसर्स कैनपैक इंडिया प्रा.लि. और मेसर्स सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड को एल.ओ.सी. जारी करने का निर्णय लिया गया। इनमें एग्रिस्टो मासा प्रा.लि. द्वारा बिजनौर में फ्रेंच फ्राइज के उत्पादन के लिए 794.27 करोड रूपये, कैनपैक इंडिया प्रा.लि. द्वारा उन्नाव में एल्युमिनियम बेवरेज कैनों के विनिर्माण के लिए 1,573.62 करोड़ रूपये तथा सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा कानपुर देहात में वैल्यू एडेड प्लास्टिक बिल्डिंग सॉल्यूशन उत्पादों के विनिर्माण के लिए 238.15 करोड़ रूपये का निवेश प्रस्तावित है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय

