home page

अधिकारियों का फोन न उठने से आहत विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

 | 
अधिकारियों का फोन न उठने से आहत विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र


कानपुर, 18 मार्च (हि.स.)। सीसामऊ विधानसभा से समाजवादी पार्टी विधायक नसीम सोलंकी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को पत्र लिखकर अधिकारियों द्वारा फोन न उठाए जाने और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से न लेना आम जनता की समस्याओं को और बढ़ाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

इसके अलावा, सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने एक वीडियो बयान भी जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि पिछले बजट सत्र में विधानसभा अध्यक्ष ने कड़े शब्दों में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि जनप्रतिनिधियों के फोन अवश्य उठाएं, ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण हो सके।

उन्होंने कहा कि कई बार उन्होंने अपनी विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन उठाने की जहमत नहीं दिखाई। कभी-कभी स्टाफ से बात हुई, लेकिन इसके बाद भी अधिकारियों से बात नहीं कराई गई। इतना ही नहीं, नगर आयुक्त को कई बार फोन कर मिलने के लिए समय भी मांगा, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।

अंत में उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से हाथ जोड़कर निवेदन किया कि कृपया संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करें कि वे जनप्रतिनिधियों के फोन उठाएं, ताकि जनता की समस्याओं का समय पर निस्तारण हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप