home page

कुष्ठ रोगी खोजी अभियान 9 से 23 मार्च तक, घर-घर ढूंढ़े जाएंगे रोगी

 | 
कुष्ठ रोगी खोजी अभियान 9 से 23 मार्च तक, घर-घर ढूंढ़े जाएंगे रोगी


मुरादाबाद, 27 फरवरी (हि.स.)। 9 से 23 मार्च तक चलने वाले कुष्ठ रोगी खोजी अभियान को लेकर शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। अभियान में एक आशा एवं पुरुष कार्यकर्ता की टीम घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों की खोज करेंगे एवं सुपरवाइजर द्वारा उनके कार्यों का पर्यवेक्षण किया जाएगा।

जिला कुष्ठ परामर्शदाता डॉ भास्कर अग्रवाल एवं जिला नाभिक टीम के रामानंद बाजपेई द्वारा कुष्ठ रोगी अभियान के सम्बंध में प्रशिक्षण दिया गया। डॉ भास्कर अग्रवाल ने बताया की टीम में कार्य करने वाले आशा एवं पुरुष कार्यकर्ता को यह समझना आवश्यक है कि कुष्ठ रोग छूने से नहीं फैलता। यह रोग बैक्टीरिया जनित रोग है जिसका दूसरे व्यक्ति के शरीर में फैलना इस बात पर निर्भर करता है कि व्यक्ति की शरीर की रोग से लड़ने की क्षमता किस प्रकार की है। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में इस रोग के होने की सम्भावना अधिक रहती है।

उन्होंने बताया की टीम द्वारा किए गए कार्य पर्यवेक्षण के लिए पांच टीमों पर एक पर्यवेक्षक लगाया जाएगा, जो टीमों द्वारा किए गए कार्यों की जांच करेगा। इन पर्यवेक्षकों की उपलब्धता को पूर्ण करने के लिए अन्य विभागों का सहयोग भी लिया जाएगा। साथ ही टीम द्वारा 14 दिन घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों की खोज करने के लिए प्रपत्रों को किस प्रकार भरा जाएगा, इस पर भी विस्तृत चर्चा की गई । इस अवसर पर अर्बन हेल्थ के सचिन, सी०सी०पी०एम० संतोष पैरामेडिकल वर्कर दानवीर एवं अन्य जन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल